सरायकेला: ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत नीमडीह पुलिस ने बरामद किए 5 गुमशुदा मोबाइल, एसडीपीओ ने धारकों को लौटाए चेहरे की मुस्कान

सरायकेला पुलिस के ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ से नीमडीह में बरामद हुए 5 गुम मोबाइल, चांडिल एसडीपीओ ने धारकों को सौंपे, लोगों ने जताया आभार।

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस कप्तान द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत पुलिस को एक और उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के कड़े दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए नीमडीह थाना पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से कुल 5 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों को खोजने में केंद्रीय गृह मंत्रालय के CEIR पोर्टल की मदद ली गई।

मंगलवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार के हाथों सभी बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। इस मौके पर चांडिल के पुलिस निरीक्षक भी मौजूद रहे। महीनों पहले खो चुका अपना कीमती मोबाइल फोन और उसमें मौजूद डेटा सुरक्षित वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। सभी ने सरायकेला पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।

थाना प्रभारी की अपील: मोबाइल गुम होते ही तुरंत कराएं ब्लॉक

इस कामयाबी पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी ने आम जनता से बेहद महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना वक्त गंवाए तुरंत नजदीकी थाने में सनहा दर्ज कराएं। इसके साथ ही सरकार के अधिकारिक CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने की रिक्वेस्ट डालें।

थाना प्रभारी ने बताया कि CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल ब्लॉक हो जाता है, जिससे कोई भी अपराधी या अज्ञात व्यक्ति उस फोन का दुरुपयोग नहीं कर पाता। फोन में दूसरा सिम डालते ही पुलिस को ट्रैकिंग में आसानी होती है और डिवाइस जल्द बरामद हो जाता है।

जिले में लगातार रंग ला रहा है ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’

गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिले में ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। इसके तहत अब तक जिले के विभिन्न थानों द्वारा सैकड़ों गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर नकेल कसने और आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article