दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल द्वारा “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के अंतर्गत आज एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत आद्रा, भोजूडीह, बोकारो स्टील सिटी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेल परिसरों और आवासीय कॉलोनियों में व्यापक साफ-सफाई की गई।
प्लेटफॉर्म से लेकर आवासीय परिसरों तक सफाई
इस विशेष अभियान के दौरान रेलवे अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों, प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, कार्यालय परिसरों और रेल कॉलोनियों में सघन सफाई कार्य किया गया। रेलवे टीम द्वारा कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई और प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट पदार्थों का उचित निपटारा सुनिश्चित किया गया।
स्टेशनों पर यात्रियों, रेल कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, डस्टबिन का इस्तेमाल करने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की गई।
वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए आद्रा मंडल ने स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया है। इसके तहत वाटर बूथों की सफाई की गई और वाटर कूलरों की जांच की गई, ताकि यात्रियों को ठंडे और साफ पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) तक पूरे आद्रा मंडल में स्वच्छता, पौधरोपण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट-गाइड और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
