अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित री-स्ट्रक्चरिंग और क्लसटरिंग सिस्टम के विरोध में रांची के स्टेशन रोड स्थित बीएनआर होटल के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गांधीगिरी अपनाते हुए अधिकारियों को गुलाब फूल भेंट कर अपनी मांगें रखीं और इस व्यवस्था को छात्र विरोधी बताया। आजसू नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित सिस्टम छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है। उनका आरोप है कि इससे शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा और छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा।
आजसू नेता बबलू महतो ने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित में निर्णय लेना चाहिए। वहीं ऋतुराज शाहदेव ने चेतावनी दी कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रस्ताव को तत्काल वापस लिया जाए।
संगठन ने कहा कि यदि आगामी बैठक में अधिनियम वापस नहीं लिया गया तो राज्यभर के विश्वविद्यालयों में उग्र आंदोलन और तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन में चेतन प्रकाश, अजित कुमार, प्रताप सिंह, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक और अनुष्का सिन्हा समेत कई छात्र मौजूद रहे।
