लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज करते हुए भाजपा ने राजधानी लखनऊ में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने महानगर के सभी 25 मंडलों में प्रभारी नियुक्त किए हैं, जिनकी जिम्मेदारी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत करना होगी।
भाजपा नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि सभी मंडल प्रभारी कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखें और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाएं। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने प्रभारियों की सूची जारी करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। नई नियुक्तियों के तहत चिनहट शहरी (पूर्व-5) में राकेश पाण्डेय, सरोजनी नगर दक्षिण-1 में सौरभ बाल्मीकि, दक्षिण-2 में सतीश चंद्र मिश्रा और दक्षिण-3 में विनोद सिंह कल्लू को जिम्मेदारी दी गई है। कैंट क्षेत्र में धनश्याम दास अग्रवाल, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, पंकज सक्सेना और आनन्द कुमार पाण्डेय को अलग-अलग मंडलों का प्रभारी बनाया गया है।
पश्चिम, उत्तर और पूर्व क्षेत्रों में भी नियुक्तियां की गई हैं, जहां जीडी शुक्ला, हरशरण लाल गुप्ता, योगेन्द्र पटेल, प्रमोद सिंह, सचिन वैश्य, अनूप सिंह, टिंकू सोनकर सहित कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मध्य क्षेत्र में भी नए प्रभारी नियुक्त कर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया गया है। पार्टी का लक्ष्य है कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर आगामी चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरा जाए।
