चतरा: आम लदा पिकअप पलटा, चालक बाल-बाल बचा; मदद के बजाय राहगीरों ने लूटे आम, मानवता पर उठे सवाल

चतरा: आम लदा पिकअप पलटा, चालक बाल-बाल बचा; मदद के बजाय राहगीरों ने लूटे आम, मानवता पर उठे सवाल

Johar News Times
2 Min Read

चतरा। जिले की संघरी घाटी में बुधवार को एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां आम से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल चालक की मदद करने के बजाय सड़क पर गिरे आम लूटने शुरू कर दिए।

जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वाहन ओडिशा से बड़ी मात्रा में आम लेकर बिहार के गया जिले के बोधगया दुमोहान की ओर जा रहा था। डोभी–चतरा मुख्य मार्ग पर जैसे ही वाहन संघरी घाटी के तीखे मोड़ों और ढलान वाले इलाके के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर द्वारा अचानक गलत तरीके से कट मारने के कारण स्थिति बिगड़ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा सारा आम सड़क पर बिखर गया। चालक को मामूली चोटें आईं, लेकिन वह किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया। इस दौरान मदद की उम्मीद के बजाय वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कई राहगीर आम इकट्ठा करने में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग बाइक रोककर, डिक्की और झोलों में आम भरकर ले जाते दिखे। घायल चालक मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन अधिकतर लोग उसकी सहायता करने के बजाय मौके का फायदा उठाते रहे। घटना की सूचना मिलते ही चतरा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article