धनबाद: झरिया में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों के खिलाफ CPI(M) और DYFI का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर जमकर हमला

धनबाद: झरिया में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों के खिलाफ CPI(M) और DYFI का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर जमकर हमला

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद। झरिया के लोदना क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (CPI-M) की झरिया लोकल कमेटी और भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) की लोदना क्षेत्रीय कमेटी ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने लोदना बाजार में जुलूस निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में अंबेडकर चौक पर नुक्कड़ सभा की।

सभा को संबोधित करते हुए CPI(M) राज्य कमेटी सचिव मंडल सदस्य शिव बालक पासवान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार लगातार आम जनता और गरीब वर्ग पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं, जिससे खेती, परिवहन और आवश्यक सेवाओं की लागत पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि सीएनजी की बढ़ती कीमतों से ऑटो चालक और सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं DYFI जिला सचिव नौशाद अंसारी ने तेल कंपनियों के तर्कों को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर “अंडर रिकवरी” का दावा वास्तविक स्थिति नहीं दर्शाता, क्योंकि जब वैश्विक स्तर पर तेल सस्ता था तब भी कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी और बढ़ेगी, जिसका समाधान सरकार को बदलने में ही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता झरिया लोकल कमेटी के सचिव भगवान दास ने की। मौके पर प्रजा पासवान, शंकर पासवान, नीरज पासवान, विनोद पासवान, आनंदी पासवान, भोला माली, संतोष पासवान, हीरा पासवान, अमरजीत पासवान, महेंद्र महतो, वाशी खान, अनिल पासवान, मोहम्मद रियाज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article