राजस्थान से लेकर बंगाल-बिहार तक ट्रेनों में आगजनी के पीछे असामाजिक तत्वों की साजिश? रेलवे ने किया बड़ा खुलासा

राजस्थान से लेकर बंगाल-बिहार तक ट्रेनों में आगजनी के पीछे असामाजिक तत्वों की साजिश? रेलवे ने किया बड़ा खुलासा

Johar News Times
3 Min Read

देश के विभिन्न राज्यों- राजस्थान, बिहार और पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर रेलवे ने बड़ा दावा किया है। रेलवे के अनुसार इन घटनाओं के पीछे असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आई है। हालांकि कुछ मामलों में शुरुआती जांच में तकनीकी कारणों की संभावना भी जताई गई है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राजस्थान के अमरपुरा और कोटा, बिहार के सासाराम तथा पश्चिम बंगाल के हावड़ा में ट्रेनों में आगजनी की घटनाएं दर्ज की गईं। इन मामलों की जांच के बाद कई संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं।

जांच में पेट्रोल से भीगे कपड़े और संदिग्ध वस्तुएं बरामद

रेलवे के अनुसार हावड़ा के एक मामले में ट्रेन के कोच के बाथरूम से पेट्रोल में भीगा हुआ कपड़ा बरामद हुआ है। वहीं अमरपुरा की घटना में बिस्तर सामग्री (चादरों) में आग लगाने की कोशिश की गई थी। कोटा में राजधानी एक्सप्रेस के बाथरूम से आग की लपटें उठती देखी गई थीं, जबकि सासाराम में एक खाली कोच के अंदर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जलती हुई वस्तु फेंके जाने की आशंका जताई गई।

कुछ मामलों में तकनीकी कारण भी सामने आए

बिहार के सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन की घटना में शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को भी संभावित कारण बताया गया है। हालांकि रेलवे ने सभी मामलों की विस्तृत जांच जारी होने की बात कही है।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने को कहा गया है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई है, हालांकि ट्रेनों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है।

यातायात पर भी पड़ा असर

एक अन्य घटना में दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इस दौरान करीब 18 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा और कुछ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। आग लगने के बाद कोच से उठते काले धुएं का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आग के आसपास के पेड़ों तक फैलने की बात कही गई। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी घटनाओं की जांच अलग-अलग स्तर पर की जा रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article