चतरा में बड़ी कार्रवाई: XYLO से 1 क्विंटल 69 किलो डोडा बरामद, NDPS केस दर्ज, तस्कर फरार

चतरा में बड़ी कार्रवाई: XYLO से 1 क्विंटल 69 किलो डोडा बरामद, NDPS केस दर्ज, तस्कर फरार

Johar News Times
3 Min Read

चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए महिंद्रा XYLO गाड़ी से 1 क्विंटल 69 किलो 980 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल में फरार हो गया।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि लावालौंग क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा की तस्करी होने वाली है। सूचना की पुष्टि के बाद सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाउसाहब के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।लावालौंग थाना के प्रभारी थाना प्रभारी पु0अ0नि0 विधायक प्रसाद यादव और लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

टीम ने कोलकोले क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान भुसाड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा XYLO (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05Z-1196) को रोकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने लगा।पुलिस टीम ने पीछा किया तो वाहन ग्राम सोहावन के घने जंगल में फंस गया। इसी दौरान चालक अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मौके पर वाहन की तलाशी लेने पर 8 बोरों में भरा भारी मात्रा में डोडा बरामद हुआ।

जब्त डोडा का कुल वजन 169.980 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह खेप कहां सप्लाई की जानी थी।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
इस संबंध में लावालौंग थाना में कांड संख्या 30/26, दिनांक 18.05.2026 दर्ज किया गया है। मामले में NDPS एक्ट की धारा 15(सी)/18(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह धाराएं मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, कब्जे और तस्करी से संबंधित गंभीर अपराधों के लिए लगाई जाती हैं, जिनमें कठोर सजा का प्रावधान है। पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह डोडा किसी अंतर-जिला या अंतर-राज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article