बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड से प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गोमिया पंचायत का है, जहां मैसूर में काम कर रहे एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गोमिया निवासी बुचु गंझु का 46 वर्षीय बेटा राजू गंझू परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मैसूर में टावर लाइन का काम करता था। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले फोन पर सूचना मिली थी कि काम के दौरान गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट लगी है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी।
बीते 19 मई को स्थानीय अस्पताल में राजू के पैर का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के कुछ देर बाद ही परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि राजू गंझू की मौत हो गई है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चे बिलख पड़े।
शव को गोमिया लाने के लिए परेशान परिजन बुधवार को मंत्री सह गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद के विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान के पास पहुंचे और मदद की गुहार लगाई। विधायक प्रतिनिधि ने मंत्री से बात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया और शव को गोमिया स्थित मृतक के आवास तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोमिया पंचायत का दुर्भाग्य है कि यहां के लोग जीविका चलाने के लिए जिंदा परदेश जाते हैं और मरकर लौटते हैं। अब तक क्षेत्र के दर्जनों प्रवासी मजदूरों की दूसरे राज्यों में मौत हो चुकी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।
