बोकारो के व्यस्ततम इलाके बीएस सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत राम मंदिर मोड़ के पास हुई सनसनीखेज गोलीबारी मामले का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य साजिशकर्ता रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। यह कामयाबी बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर और नगर पुलिस उपाधीक्षकआलोक रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल को मिली है।
बता दें कि यह सनसनीखेज वारदात बीते 17 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। चास के नन्दुआ स्थान निवासी जयराम प्रसाद राम मंदिर मोड़ स्थित एक चाय दुकान के पास खड़े थे, तभी अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल जयराम प्रसाद को तत्काल बीजीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के इलाज के बाद अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शहर के बीचो-बीच हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मेन रोड फुसरो निवासी रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि रूपेश कुमार ही इस पूरे गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता है।
इस मामले को लेकर घायल जयराम प्रसाद के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाने में कांड संख्या 101/2026 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस प्राथमिकी में रूपेश कुमार सहित तीन अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुदामा कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक महती बोयपाई, पु.अ.नि. नीरज सेठ के साथ-साथ आरक्षी मदन प्रसाद, सिंदेश्वर प्रसाद सिंह, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार और योगेन्द्र कुमार रजक ने मुख्य भूमिका निभाई।
