जमशेदपुर में चलते डंपर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

जमशेदपुर में चलते डंपर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित हुरलुंग पुल के पास मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चलते डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन रोककर तुरंत नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, डंपर बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान हुरलुंग पुल के पास वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया। चालक दिलीप गोप ने स्थिति भांपते हुए तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया।

कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि डंपर के सभी टायर और बॉडी जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले वर्ष भी शहर में कई वाहन आग की चपेट में आ चुके हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण अत्यधिक गर्मी या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article