खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में पुल निर्माण स्थल पर अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुंदारी पाकर टोली और गुड़गुड़ चुआं के बीच नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार देर रात करीब 11 बजे एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां फायरिंग शुरू कर दी। मजदूरों के मुताबिक अपराधियों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि फायरिंग के बाद अपराधियों ने एक मजदूर से मोबाइल छीन लिया और पुल निर्माण के ठेकेदार से बात कराने की मांग करने लगे। घटना के समय निर्माण स्थल पर लगभग 15 से 17 मजदूर मौजूद थे। मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए एकजुट होकर अपराधियों का विरोध किया और उनकी ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख तीनों अपराधी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सोमवार को एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मजदूरों से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली। एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा ने बताया कि अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में तीन अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
