स्कूल की यूनिफॉर्म अलमारी में बंद हो चुकी है और आंखों में कॉलेज बंक करने से लेकर कैंटीन की गॉसिप्स तक के हसीन सपने तैर रहे हैं। लेकिन रुकिए! यह वो मोड़ है जहां ‘चिल’ करने की चाहत, आपके पूरे करियर को ‘किल’ कर सकती है।
अक्सर 12वीं के बाद स्टूडेंट्स कॉलेज लाइफ को एक लंबा वेकेशन मान लेते हैं, जबकि असल में यह आपकी प्रोफेशनल लाइफ का ‘लॉन्चपैड’ है। अगर आप नहीं चाहते कि ग्रेजुएशन की डिग्री सिर्फ एक कागज का टुकड़ा बनकर रह जाए और कंपनियां आपको जॉब देने से कतराएं, तो इन 5 ब्लंडर्स (बड़ी गलतियों) से तुरंत तौबा कर लें:
1. ‘F.O.M.O.’ और दोस्तों की देखा-देखी कोर्स चुनना
“मेरा सबसे अच्छा दोस्त इस फील्ड में जा रहा है, तो मैं भी यही कोर्स चुन लेता हूँ…”—अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। करियर के मामले में दोस्तों की देखा-देखी या ‘पीयर प्रेशर’ में लिया गया फैसला सबसे घातक साबित होता है। याद रखिए, आपके दोस्त की रुचि, क्षमताएं और करियर गोल्स आपसे बिल्कुल अलग हो सकते हैं। जो रास्ता उसके भविष्य के लिए सही है, जरूरी नहीं कि वह आपके लिए भी बेस्ट हो। दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी यूनीक स्किल्स और पैशन को पहचानें।
2. सिर्फ ‘कैंपस की रील’ देखकर कॉलेज फाइनल करना
आजकल कई छात्र कॉलेज की बिल्डिंग, वहां की रील्स या कैफे देखकर एडमिश्न ले लेते हैं। बिना यह जाने कि वहां की फैकल्टी कैसी है, सिलेबस अपडेटेड है या नहीं, और सबसे जरूरी—वहां का प्लेसमेंट ट्रैक रिकॉर्ड क्या है। बिना ग्राउंड रिसर्च के कॉलेज चुनना, बिना गहराई जाने नदी में कूदने जैसा है।
3. ‘सिर्फ डिग्री’ के भरोसे रहना, स्किल्स को भाव न देना
वह जमाना गया जब ग्रेजुएशन का सर्टिफिकेट दिखाते ही नौकरी मिल जाती थी। आज की कॉर्पोरेट दुनिया को ‘रट्टू तोते’ नहीं, बल्कि ‘प्रॉब्लम सॉल्वर्स’ चाहिए। अगर कॉलेज के 3-4 सालों में आपने कम्युनिकेशन, कोडिंग, डिजिटल टूल्स, या पब्लिक स्पीकिंग जैसी एक्स्ट्रा स्किल्स नहीं सीखीं, तो डिग्री के बाद भी आप कतार में सबसे पीछे खड़े नजर आएंगे।
4. ‘ईजी-मोड’ की तलाश (शॉर्टकट का चस्का)
कई स्टूडेंट्स गूगल पर सर्च करते हैं—“सबसे आसान कोर्स कौन सा है?” आराम की यह चाहत भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। जिन कोर्सेज की मार्केट में डिमांड है, वे थोड़ी मेहनत और वक्त मांगते हैं। चुनौतियों से भागने के बजाय खुद को मुश्किलों के लिए तैयार करें, क्योंकि करियर में कोई ‘शॉर्टकट की’ (Shortcut Key) नहीं होती।
5. ‘जी हुजूरी’ में अपना पैशन मार देना
माता-पिता और रिश्तेदारों का सम्मान करना जरूरी है, लेकिन उनके दबाव में आकर अपनी जिंदगी का फैसला बदल लेना गलत है। अगर आपका दिल क्रिएटिव राइटिंग, स्पोर्ट्स या डिजाइनिंग में धड़कता है, तो जबरन इंजीनियरिंग या मेडिकल की किताबों में खुद को न झोंकें। पूरे सम्मान के साथ अपने परिवार को बैठायें, उन्हें स्कोप समझाएं और अपने करियर का स्टैंड खुद लें।
कॉलेज लाइफ एंजॉय करने के लिए है, लेकिन करियर की कीमत पर नहीं। शुरुआत के ये सही फैसले आपको जिंदगी भर का सुकून दे सकते हैं।
