स्वीडन दौरे पर आज गोथेनबर्ग पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, व्यापार और तकनीक सहयोग पर होगी अहम वार्ता

स्वीडन दौरे पर आज गोथेनबर्ग पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, व्यापार और तकनीक सहयोग पर होगी अहम वार्ता

Johar News Times
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय स्वीडन यात्रा पर गोथेनबर्ग पहुंचेंगे। उनकी यह यात्रा भारत और स्वीडन के बीच मजबूत होते संबंधों में अहम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में व्यापार विस्तार, हरित परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, आपूर्ति श्रृंखला, रक्षा, अंतरिक्ष, जलवायु परिवर्तन और जन-संपर्क जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के साथ यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करेंगी। यह यूरोप के प्रमुख उद्योगपतियों का मंच माना जाता है।

जनवरी में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की यूरोप की पहली यात्रा है। यात्रा का उद्देश्य बदलती वैश्विक परिस्थितियों और तकनीकी चुनौतियों के बीच नए सहयोग के अवसर तलाशना है।भारत और स्वीडन के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार रिकॉर्ड 7 अरब 75 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जबकि वर्ष 2000 से 2025 के बीच स्वीडन से भारत में 2.825 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ।

स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक सदी से अधिक पुराने संबंध पारस्परिक सम्मान, शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर की 1926 की स्वीडन यात्रा जैसे ऐतिहासिक प्रसंग दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाते हैं। राजदूत अनुराग भूषण के अनुसार, भारत और स्वीडन के रिश्ते अब सांस्कृतिक दायरे से आगे बढ़कर मजबूत औद्योगिक और आर्थिक साझेदारी में बदल रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देगी।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article