तमिलनाडु में करंट लगने से झारखंड के एक और प्रवासी मजदूर की मौत, गांव में पसरा मातम

तमिलनाडु में करंट लगने से झारखंड के एक और प्रवासी मजदूर की मौत, गांव में पसरा मातम

Johar News Times
2 Min Read

घाटशिला, झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत झाटीझरना पंचायत के बालिडीह गांव निवासी प्रवासी मजदूर बुद्धेश्वर तंतुबाई की तमिलनाडु में बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को जब एंबुलेंस से उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय बुद्धेश्वर तंतुबाई पिछले करीब दस महीनों से तमिलनाडु में बोरिंग गाड़ी में मजदूरी का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व काम के दौरान वे बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी चंदना तंतुबाई, 19 वर्षीय पुत्र सागर तंतुबाई और 15 वर्षीय पुत्री सोनाली तंतुबाई हैं। पति की मौत की खबर के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह समेत कई ग्रामीण बालिडीह गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इधर जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू भी बालिडीह गांव के लिए रवाना हुईं, लेकिन रास्ते में हाथियों की गतिविधि की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की सलाह पर उन्हें बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा।देवयानी मुर्मू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि “प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”

Share This Article