गढ़वा में एनएचएम चयनित अभ्यर्थियों को 21 मई को मिलेगा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

गढ़वा में एनएचएम चयनित अभ्यर्थियों को 21 मई को मिलेगा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के गढ़वा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को जल्द नई मजबूती मिलने जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। आगामी 21 मई को सफल अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने आधिकारिक जानकारी दी है। सिविल सर्जन ने बताया कि नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त अनन्य मित्तल के हाथों होगी। उपायुक्त चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके बाद शेष अभ्यर्थियों को सिविल सर्जन कार्यालय के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

प्रमाण पत्र सत्यापन पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही होंगे शामिल

विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है कि केवल वही चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होंगे, जिन्होंने अपने मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। सभी सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपना अस्थायी नियुक्ति पत्र प्राप्त करना होगा। साथ ही उन्हें आवंटित कार्यस्थल पर योगदान देने का निर्देश भी दिया गया है।

नई नियुक्तियों से सुधरेगी स्वास्थ्य व्यवस्था

गौरतलब है कि गढ़वा जिले के कई स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से स्वास्थ्य कर्मियों की कमी बनी हुई थी। पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर उपचार मिलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब नई नियुक्तियों के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। नए कर्मियों की तैनाती से स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन में सुगमता आएगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com

Share This Article