टाटा स्टील प्लांट में सतर्कता से टला बड़ा हादसा, कर्मचारी सुरक्षित

टाटा स्टील प्लांट में सतर्कता से टला बड़ा हादसा, कर्मचारी सुरक्षित

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर स्थित Tata Steel प्लांट परिसर में गुरुवार दोपहर एक संभावित बड़ा हादसा समय रहते टल गया। एलडी-2 गोलचक्कर सिग्नल के पास एक बस और बाइक की टक्कर में बाइक सवार कर्मचारी घायल हो गए, लेकिन उनकी सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया से बड़ी अनहोनी टल गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे एक बस करीब 20 कर्मचारियों को छोड़ने के बाद सीआरएम गोलचक्कर की ओर मुड़ रही थी। उसी दौरान एलडी-3 आईईएम विभाग के कर्मचारी आरके प्रसाद बाइक से मोड़ की ओर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक और बाइक सवार एक-दूसरे को समय पर नहीं देख सके।

स्थिति को भांपते हुए कर्मचारी आरके प्रसाद ने तत्काल बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बाइक बस के नीचे फंस गई, लेकिन समय रहते सतर्कता दिखाने के कारण बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना में कर्मचारी के पैर में हल्की चोट आई है।

हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल कर्मचारी को ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद प्लांट परिसर में यातायात सुरक्षा और ब्लाइंड स्पॉट वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने भी इसे सतर्कता और सुरक्षा जागरूकता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com

Share This Article