राजधानी रांची में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मेन रोड स्थित एक होटल से मॉनिटर लिजर्ड (विषखोपड़ा) के अवैध अंगों की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक भाजपा नेता, उसका बेटा और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि डेली मार्केट थाना क्षेत्र के होटल नटराज में कुछ लोग वन्यजीवों के अंगों की अवैध खरीद-बिक्री के लिए ठहरे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग और WCCB की संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की।
जांच के दौरान टीम होटल के कमरा नंबर-203 तक पहुंची, जहां संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। कमरे की तलाशी लेने पर एक काले रंग के प्लास्टिक बैग से मॉनिटर लिजर्ड के करीब 30 अंग बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद अंगों की तस्करी अंतरराज्यीय स्तर पर किए जाने की आशंका है।
मौके पर मौजूद तीनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। हालांकि जांच एजेंसियों को उनके बयान संदिग्ध लगे, जिसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया। होटल प्रबंधन से पूछताछ में पता चला कि कमरा नंबर-203 और 206 पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम पर 13 मई 2026 से बुक थे।
वन विभाग की टीम तीनों आरोपियों को डोरंडा स्थित वन प्रमंडल कार्यालय ले गई, जहां उनसे गहन पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कई और लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। फिलहाल जब्त किए गए अंगों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com
