सीमावर्ती गांवों में दहशत : गुड़ाबांदा में दंतैल हाथी का कहर, 10 महीने में पांच लोगों की गई जान

सीमावर्ती गांवों में दहशत : गुड़ाबांदा में दंतैल हाथी का कहर, 10 महीने में पांच लोगों की गई जान

Johar News Times
5 Min Read

पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा वन क्षेत्र और ओडिशा सीमा से सटे गांवों में एक दंतैल हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 महीनों में यह हाथी पांच लोगों की जान ले चुका है। ताजा घटना बुधवार सुबह ओडिशा सीमा के कड़िया नाला के पास हुई, जहां 18 वर्षीय युवक गौतम सिंह की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के झारपोखरिया थाना क्षेत्र स्थित जामकुंडा गांव निवासी गौतम सिंह सुबह कड़िया नाला के पास गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे दंतैल हाथी ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। हाथी ने युवक को सूंड से उठाकर पटक दिया और अपने दांत गड़ा दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। झारपोखरिया थाना के इंस्पेक्टर पीके आचार्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौतम अपने पिता घासीराम सिंह का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

सुबह-शाम ज्यादा आक्रामक हो रहा हाथी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह दंतैल हाथी विशेष रूप से सुबह और शाम के समय ज्यादा आक्रामक हो जाता है। लगातार हो रहे हमलों के कारण गुड़ाबांदा और ओडिशा सीमा से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब शाम ढलने के बाद घरों से निकलने से डर रहे हैं।

ओडिशा के बांगरीपोषी रेंज के रेंजर महेश्वर सिंह ने बताया कि हाथी के हमले में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को वन विभाग की ओर से 10 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

10 महीने में हाथी के हमले में गईं 5 जानें

  • 25 जुलाई 2025 – अतुल बेरा (70), स्वर्गछिड़ा, इलाज के दौरान मौत
  • 25 अगस्त 2025 – सरोज पाल (34), बालिजुड़ी, मौके पर मौत
  • 19 फरवरी 2026 – चंपा हेम्ब्रम (65), बेनागाड़िया, अस्पताल ले जाते समय मौत
  • 7 मार्च 2026 – अभिषेक मार्डी (21), माड़ोतोलिया, मौके पर मौत
  • 13 मई 2026 – गौतम सिंह (18), जामकुंडा (ओडिशा), मौके पर मौत

डाइनमारी गांव में 20-25 हाथियों के झुंड का उत्पात

इधर घाटशिला वन क्षेत्र के डाइनमारी गांव में मंगलवार रात 20 से 25 हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाया। हाथियों ने मानी हेबम के टाली घर पर हमला कर दीवार और छत को क्षतिग्रस्त कर दिया। जान बचाकर भागने के दौरान दीवार का मलबा गिरने से मानी हेबम घायल हो गईं।

हाथियों ने घर की दीवार तोड़कर अंदर रखा धान भी चट कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया। कालचीति के मुखिया बैद्यनाथ मुर्मू ने भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

भोजन और पानी की तलाश में गांवों में घुस रहे हाथी

घाटशिला वन क्षेत्र में इन दिनों 20 से 25 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। झुंड में कई बच्चे भी शामिल हैं। बुधवार को हाथियों का दल कालचीति के छतरडांगा, भवकोचा होते हुए बासाडेरा क्षेत्र में घूमता देखा गया।

ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का झुंड दिन में जंगल क्षेत्र में डेरा डाल रहा है, जबकि शाम होते ही भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर पहुंच जा रहा है। लगातार बढ़ती हाथियों की गतिविधियों से सीमावर्ती गांवों के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article