सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए चांडिल थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। उत्पाद अधीक्षक श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में हुई छापेमारी में पांच अवैध महुआ शराब निर्माण अड्डों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब बरामद की गई।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चिल्गु के समीप चांडिल थाना अंतर्गत खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला गांवों में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित महुआ चुलाई केंद्रों को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 50 लीटर तैयार अवैध महुआ शराब बरामद की। विभाग ने जब्त सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हाल के दिनों में सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई तेज हुई है। प्रशासन का मानना है कि इससे अवैध कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ जहरीली शराब से होने वाली घटनाओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

