जमशेदपुर (परसुडीह): परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सापोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में युवती के शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्या में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी सोनु कर्मकार (20) के रूप में हुई है।
स्कूल परिसर में मिला था शव
घटना 9 मई की सुबह करीब 6:15 बजे सामने आई थी, जब पुलिस को सूचना मिली कि सापोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।शव की पहचान होने के बाद मृतका के पिता के लिखित आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी सोनु कर्मकार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद रंग का शर्ट भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह मृतका के साथ सापोडेरा मिडिल स्कूल परिसर पहुंचा था। इसी दौरान युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आरोपी ने युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।








