मुख्य समाचार
- बढ़ती तेल कीमतों के बीच पीएम मोदी की अपील — फिलहाल अनावश्यक सोना खरीदने से बचें, जहां संभव हो अपनाएं वर्क फ्रॉम होम।
- गुजरात के सोमनाथ मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में लिया हिस्सा।
- पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक, आयुष्मान भारत समेत कई बड़े फैसले।
- बंगाल सीएम के निजी सहायक हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पेशेवर शूटरों की आशंका जताई।
- NEET UG 2026 परीक्षा में पेपर लीक की आशंका, SOG ने 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया।
- झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत।
- जमशेदपुर के एग्रिको में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, तीन शव मिलने से इलाके में हड़कंप।
- जमशेदपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, एक लाख रोजगार का लक्ष्य।
- देशभर में सोना-चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट।
- झारखंड में आज बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट।

बढ़ती तेल कीमतों के बीच पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ती तेल कीमतों और वैश्विक आर्थिक दबाव के बीच लोगों से फिलहाल अनावश्यक सोना नहीं खरीदने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, ट्रैफिक और प्रदूषण कम होगा तथा विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव भी घटेगा। विशेषज्ञों के अनुसार भारत हर दिन करीब 1,676 करोड़ रुपये का सोना आयात करता है।

सोमनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के गिर सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में भाग लिया। मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने महापूजा और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। रोड शो के दौरान श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

बंगाल सरकार की पहली कैबिनेट बैठक
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने, बीएसएफ को बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन देने और भारतीय न्याय संहिता लागू करने जैसे कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने प्रशासन और कानून व्यवस्था मजबूत करने का दावा किया है।

सीएम के निजी सहायक हत्याकांड में तीन गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशेवर शूटर हैं। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और यूपीआई पेमेंट के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। मामले में आठ लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है।
NEET UG 2026 में पेपर लीक की आशंका
NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर पेपर लीक की आशंका के बीच राजस्थान SOG ने 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में कथित “गेस पेपर” बरामद हुआ है, जिसमें कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक आधिकारिक रूप से पेपर लीक की पुष्टि नहीं की है।
आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से राहत
झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। अदालत ने उनकी उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और लंबे समय से जेल में रहने को राहत का आधार माना। उनके आप्त सचिव संजीव लाल को भी जमानत दी गई है।
जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी
जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में सोमवार को तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में एक वृद्ध महिला, एक महिला और एक युवक शामिल हैं। सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

झारक्राफ्ट इम्पोरियम का उद्घाटन
जमशेदपुर में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि झारक्राफ्ट के जरिए राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने एक लाख लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट
देशभर के सर्राफा बाजार में आज सोना और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1 लाख 52 हजार 490 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 2 लाख 74 हजार 900 रुपये प्रति किलोग्राम के करीब रही।
झारखंड मौसम अपडेट
झारखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, गुमला, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आप देख रहे है जोहार न्यूज़ टाइम्स।
झारखंड, देश और दुनिया की ऐसी ही तमाम बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।
हमारे चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करना न भूलें।
joharnewstimes.com








