पोटका: विधायक संजीव सरदार ने दी विकास की सौगात, ₹33 लाख की लागत से बनेगा धूमकुड़िया भवन और पीसीसी सड़क

पोटका में विकास की नई गूंज: संजीव सरदार ने रखी 33 लाख की योजनाओं की नींव।

Johar News Times
2 Min Read

पोटका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घाघीडीह पंचायत में विकास की नई इबारत लिखते हुए विधायक संजीव सरदार ने दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। आदिवासी कल्याण विभाग और विधायक निधि के समन्वय से क्षेत्र में लगभग 33 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

संस्कृति और परंपरा का होगा संरक्षण

विधायक संजीव सरदार की अनुशंसा पर आदिवासी कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत आदिवासी सांस्कृतिक भवन का शिलान्यास पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह भवन आदिवासी समाज की परंपराओं, सामाजिक विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा। स्थानीय ग्रामीणों ने हेमंत सरकार की इस पहल को अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान बताया।

- Advertisement -
Ad image

ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विधायक ने घाघीडीह पंचायत में मंगल सिंह बागे के घर से राम सोरेन के घर तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी। विधायक निधि से बन रही इस सड़क से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। संजीव सरदार ने कहा कि गांव-गांव तक आधारभूत सुविधाओं को पहुंचाना उनकी और हेमंत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और काम समय सीमा के भीतर पूरा हो। उन्होंने कहा कि विकास का असली मकसद तभी पूरा होगा जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड के सलाय कुमार टुडू, संजीत कुमार हेंब्रम, रामसेश दास, सोनिया भूमिज, अल्हान मार्डी, जगत मार्डी, बहादुर किस्कू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पोटका विधानसभा में विकास की गति तेज हुई है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image
Share This Article