झारखंड के लातेहार जिले के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453-54) का साप्ताहिक ठहराव लातेहार रेलवे स्टेशन पर हुआ। राजधानी एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचते ही पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और रेलवे यात्रियों ने इस पल को जिले की बड़ी उपलब्धि बताया।
राजधानी एक्सप्रेस के पहली बार ठहराव को लेकर रेलवे स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया था। ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ उसका स्वागत किया। चतरा सांसद समेत कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने लोको पायलट का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को लातेहार से रवाना किया गया।
अलग जिला बनने के बाद बड़ी उपलब्धि
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चतरा सांसद ने कहा कि शायद ही किसी ने कभी कल्पना की होगी कि एक दिन राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रतिष्ठित ट्रेन का ठहराव लातेहार में भी होगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रयासों का परिणाम है।
सांसद ने कहा कि राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से जिले के व्यवसायियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब लोगों को राजधानी स्तर की ट्रेन सेवा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जल्द अन्य ट्रेनों के ठहराव की भी उम्मीद
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने यह भी बताया कि लातेहार रेलवे स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कई और ट्रेनों का ठहराव यहां सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने से लातेहार के लोगों को बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग

राजधानी एक्सप्रेस के स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सरयू प्रसाद सिंह, जयप्रकाश महलका, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, उपाध्यक्ष संतोष रंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव, पंकज कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमलेश कुमार सिंह, डॉ. चंदन सिंह, छोटू राजा, रामदेव सिंह, राजन तिवारी, ध्रुव पांडेय, विष्णु देव प्रसाद, मुकेश पांडेय, मोती सोनी, प्रमोद प्रसाद, राजू रंजन प्रसाद, विवेद चंद्रवंशी, विवेकानंद प्रसाद, नंदलाल प्रसाद, राजेंद्र पासवान और आजाद खान सहित कई लोग उपस्थित रहे।
राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से लातेहार के लोगों में नई उम्मीद जगी है और इसे जिले के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








