चाईबासा में दर्दनाक सड़क हादसा, बारातियों से भरा पिकअप खेत में पलटा, दो की मौत, छह घायल

चाईबासा में दर्दनाक सड़क हादसा, बारातियों से भरा पिकअप खेत में पलटा, दो की मौत, छह घायल

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उंधन गांव के पास उस समय हुआ जब बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान बारंगा गांव निवासी रोहन गोप (12) और गोपीपुर निवासी दशरथ सरदार (25) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सूरज महतो, शिशुपाल मोदी, राहुल गोप, गोपी मोदी, सौरभ लोहार और सुरेश गोप शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

- Advertisement -
Ad image

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था। सोमवार सुबह करीब 3:15 बजे बारात लौटने के दौरान उंधन गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद पिकअप सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा पलटा। बताया जा रहा है कि वाहन में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image

Share This Article