गालूडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झारखंड-ओडिशा से चोरी की गई तीन बाइक बरामद,
पूर्वी सिंहभूम जिले की गालूडीह थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी बिरसन मुंडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव से की गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी दिसंबर 2025 में गालूडीह थाना क्षेत्र से चोरी हुई विंगर वैन मामले में मुख्य भूमिका निभा रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि बिरसन मुंडा लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर से तीन चोरी की गाड़ियां बरामद कीं।
बरामद वाहनों में ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाचे बाइक, गालूडीह क्षेत्र से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर और ओडिशा के बहलदा इलाके से चोरी की गई होंडा डियो स्कूटी शामिल है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बिरसन मुंडा का आपराधिक इतिहास पुराना है। उसके खिलाफ झारखंड और ओडिशा के कई थानों में वाहन चोरी समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और उससे पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








