साहिबगंज समाचार : शादी के रिसेप्शन से लौट रही स्कॉर्पियो पलटी, बहन के हाथों की मेहंदी उतरने से पहले उठा भाई का साया

साहिबगंज समाचार : शादी के रिसेप्शन से लौट रही स्कॉर्पियो पलटी, बहन के हाथों की मेहंदी उतरने से पहले उठा भाई का साया

Johar News Times
2 Min Read

साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्मन कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय दीपक राजवंशी की पश्चिम बंगाल के मालदा में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी बहन के रिसेप्शन से लौट रहा था, तभी उसकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

मौके पर ही तोड़ा दम, चार की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दीपक राजवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन चला रहे चालक जोय बर्मन और गाड़ी में सवार गणेश बर्मन, शक्ति बर्मन और अमित बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

- Advertisement -
Ad image

बुझ गया घर का इकलौता चिराग
दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में एक भाई और एक बहन हैं। बहन की तीन दिन पहले ही शादी हुई थी और घर में खुशी का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि जो भाई अपनी बहन को विदा करने गया था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।

सोमवार को मृतक के परिजन और मित्र शव को बंगाल से राजमहल लाने के लिए रवाना हो गए हैं। पूरे बर्मन कॉलोनी में इस हृदयविदारक घटना के बाद गम का माहौल है और घरों में चूल्हा तक नहीं जला।

Share This Article