मुसाबनी में 36 करोड़ का तालाडीह 132/33 केवी ग्रिड तैयार, मुसाबनी-डुमरिया-अमाईनगर को 70% बिजली आपूर्ति की तैयारी

मुसाबनी में 36 करोड़ का तालाडीह 132/33 केवी ग्रिड तैयार, मुसाबनी-डुमरिया-अमाईनगर को 70% बिजली आपूर्ति की तैयारी

Johar News Times
3 Min Read

मुसाबनी के तालाडीह में झारखंड पावर सिस्टम इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट के तहत लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से बना 132/33 केवी ग्रिड अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की संभावना है और डीवीसी पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी।

इस नए ग्रिड से मुसाबनी, डुमरिया और अमाई नगर फीडरों को करीब 70 प्रतिशत बिजली आपूर्ति झारखंड ऊर्जा संचार निगम लिमिटेड के माध्यम से मिलने लगेगी। साथ ही एचसीएल के लिए अलग फीडर की व्यवस्था भी की जा रही है।

- Advertisement -
Ad image

फिलहाल जादूगोड़ा-धालभूमगढ़ 132 केवी लाइन से टैपिंग कर तालाडीह ग्रिड को जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। इस कार्य की निगरानी घाटशिला डिवीजन के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार कर रहे हैं। तालाडीह से मुसाबनी पावर सब स्टेशन को जोड़ने के लिए लगभग 4 किलोमीटर लंबी लाइन में 80 पोल लगाए जा रहे हैं, जिनका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा 4 नए टावर के जरिए टैपिंग और लाइन कनेक्शन का काम भी अंतिम चरण में है।

जानकारी के अनुसार रविवार तक टैपिंग कार्य पूरा होने की संभावना है। इसके बाद 50 मेगावाट के दो ट्रांसफॉर्मरों को लगभग 48 घंटे चार्ज किया जाएगा और फिर मुसाबनी ग्रिड से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। ब्रेकर और अन्य तकनीकी उपकरणों का अधिष्ठापन भी अंतिम चरण में है।

वर्तमान में झारखंड ऊर्जा संचार निगम लिमिटेड को प्रतिदिन लगभग 35 मेगावाट बिजली की जरूरत होती है, जिसकी आपूर्ति डीवीसी से होती है। नए ग्रिड के शुरू होने के बाद लगभग 25 मेगावाट बिजली सीधे नए ग्रिड से मिलने लगेगी, जिससे डीवीसी पर निर्भरता कम होगी।

स्थानीय लोगों को लंबे समय से डीवीसी द्वारा बकाया बिल के नाम पर घंटों बिजली कटौती की समस्या झेलनी पड़ती थी। अब इस नए सिस्टम से आपूर्ति बाधित होने की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। इससे घरेलू जीवन, छोटे व्यापार, जल आपूर्ति और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

- Advertisement -
Ad image

ग्रामीणों का कहना है कि लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है और नए ग्रिड से क्षेत्र में स्थिर एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था स्थापित होगी।

इसी बीच बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा गांव में जले 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर को बदलकर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, जिसके बाद छह दिनों से ठप बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। बिजली लौटने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और विभाग के प्रति आभार जताया।

Share This Article