झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (NH-220) पर रघुनाथपुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में पूर्व विधायक अनंतराम टुडू के करीबी माने जाने वाले शंकर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शंकर महतो अपने घर जामबनी से मोटरसाइकिल से चक्रधरपुर जा रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर समाजसेवी और राजनगर आदिवासी जाहेर दिशोम गाड़ के अध्यक्ष बीजू बास्के मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद राजनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोलिंग वाहन से घायल शंकर महतो को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, राजनगर पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।









