राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने फरार माओवादी और रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू को 30 दिनों के भीतर Ranchi स्थित एनआईए की विशेष अदालत में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि तय समय में पेश नहीं होने पर उसकी अनुपस्थिति में ही ट्रायल चलाया जाएगा।
कोर्ट का नोटिस लातेहार जिले के हेसला बांझीटोला स्थित उसके गांव समेत कई स्थानों पर चिपकाया गया है। रवींद्र गंझू पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपये और एनआईए ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
मामला लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र के लुकैया मोड़ के पास पेट्रोलिंग पार्टी पर हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें गृह रक्षा वाहिनी के तीन जवानों समेत चार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की हत्या कर हथियार लूट लिए गए थे। जांच एजेंसी के अनुसार इस हमले को रवींद्र गंझू के दस्ते ने अंजाम दिया था।
घटना के बाद से एनआईए लगातार उसकी तलाश कर रही है। इस मामले में उसके कई सहयोगियों और आर्थिक मदद पहुंचाने वालों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।









