झींकपानी में ग्रामीण पर तीर से जानलेवा हमला, सब्जी बेचने जाते समय गंभीर रूप से घायल

झींकपानी में ग्रामीण पर तीर से जानलेवा हमला, सब्जी बेचने जाते समय गंभीर रूप से घायल

Johar News Times
2 Min Read

रास्ते में घात लगाकर किया हमला, शरीर में तीन तीर लगने के बाद सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

चाईबासा , पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण पर तीर से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में घायल व्यक्ति को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

- Advertisement -
Ad image

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेटेया गांव निवासी 45 वर्षीय चोया बिरूली शुक्रवार सुबह अपने गांव से सब्जी लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने उस पर अचानक तीर चलाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगातार कई तीर छोड़े, जिनमें से तीन तीर चोया बिरूली के शरीर में जा लगे।

तीर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल को देखा और तुरंत इसकी सूचना झींकपानी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों की टीम घायल के शरीर में धंसे तीर निकालने में जुटी हुई है। घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

झींकपानी थाना के एएसआई केसी बाड़ा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article