सरायकेला-खरसावां के डैमडूबी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग छीना, CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज,
सरायकेला-खरसावां : जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अपराधियों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से हथियार के बल पर नकदी से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार घाटशिला के बेलाजुड़ी निवासी नरेंद्र भगत एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। वह क्षेत्र में ग्राहकों से कलेक्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान कपाली के डैमडूबी स्थित तन्नू जनरल स्टोर के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर कलेक्शन से भरा बैग छीन लिया, जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपये होने की बात कही जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नरेंद्र भगत ने जब विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच पीड़ित किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो अपराधी बाइक से आते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। इलाके में नाकेबंदी कर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।








