सिमडेगा, झारखंड के खेल नगरी कहे जाने वाले सिमडेगा की बेटियों ने एक बार फिर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। हॉकी इंडिया द्वारा 15 से 20 मई तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आयोजित होने वाली हाई इंटेंसिटी सीरीज के लिए घोषित अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में सिमडेगा की दो प्रतिभावान खिलाड़ियों संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी का चयन किया गया है। दोनों खिलाड़ियों का पहली बार भारतीय टीम में चयन हुआ है, जिससे पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
किसान परिवार की बेटी संदीपा ने बढ़ाया गौरव
संदीपा कुमारी सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड स्थित करंगागुड़ी नवा टोली की रहने वाली हैं। वह आवासीय हॉकी सेंटर सिमडेगा की प्रशिक्षु हैं। संदीपा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं। उनके पिता रंजीत मांझी और माता लखमनी देवी खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद संदीपा ने मेहनत और लगन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
संघर्षों के बीच पुष्पा ने हासिल की सफलता
पुष्पा मांझी कुरडेग प्रखंड के हेठमा पंचायत अंतर्गत कुसुम टोली की निवासी हैं। वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिमडेगा की प्रशिक्षु हैं। उनके पिता देवेंद्र मांझी राजस्थान में मजदूरी करते हैं, जबकि माता हीरामणि देवी खेती-बाड़ी करती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली पुष्पा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय टीम में स्थान हासिल किया है।
विश्व हॉकी दिवस पर मिली बड़ी खुशी
हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्व हॉकी दिवस के मौके पर यह सिमडेगा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि 7 मई 1924 को विश्व हॉकी महासंघ की स्थापना हुई थी और इसी दिन हॉकी इंडिया ने अंडर-18 भारतीय महिला टीम की घोषणा की, जिसमें जिले की दो बेटियों को मौका मिला।
उन्होंने खिलाड़ियों के साथ उनकी कोच तारिणी कुमारी, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
खेल जगत में खुशी की लहर
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, कमलेश्वर मांझी, पैंक्रासियुस टोप्पो, सुनील तिर्की, फादर बेनेदिक कुजूर सहित खेल विभाग और हॉकी सिमडेगा से जुड़े कई लोगों ने खुशी जताई और दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








