झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी बोले – केंद्र सरकार झारखंड के साथ कर रही सौतेला व्यवहार, विकास योजनाओं का फंड रोकने का लगाया आरोप,
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में पेयजल संकट को लेकर भाजपा और झामुमो के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा द्वारा हाल में किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने इसे “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया है। गुरुवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
बुधराम लागुरी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेयजल संकट कोई नई समस्या नहीं है और इसकी जड़ें पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल से जुड़ी हैं। वर्तमान राज्य सरकार गांवों तक पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
झामुमो प्रवक्ता ने दावा किया कि कई इलाकों में पाइपलाइन विस्तार, जलमीनार निर्माण और खराब चापाकलों की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बावजूद भाजपा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार है तो झारखंड को पेयजल योजनाओं और अन्य विकास कार्यों के लिए पर्याप्त आर्थिक सहयोग क्यों नहीं मिल रहा।
लागुरी ने यह भी आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन समेत कई केंद्रीय योजनाओं की राशि समय पर जारी नहीं होने से राज्य की कई परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को अपने संसाधनों से योजनाओं को आगे बढ़ाना पड़ रहा है। झामुमो ने केंद्र सरकार पर राज्य के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बकाया फंड जल्द जारी करने की मांग की है।
पार्टी ने कहा कि जनता अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को समझ रही है और केवल प्रदर्शन से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। झामुमो ने विपक्ष से जनहित के मुद्दों पर सहयोगात्मक राजनीति करने की अपील भी की है।








