जमशेदपुर: शहर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा रुख अख्तियार किया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त (DC) कार्यालय के समक्ष जोरदार एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों को चुनौती दी।
विरोध का अनोखा तरीका प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से विरोध जताया। कार्यकर्ता अपने सिर पर लकड़ियां ढोकर कार्यालय पहुंचे और वहीं सड़क पर लकड़ी जलाकर चाय बनाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि जनता अब दोबारा पुराने दौर में लौटने को मजबूर है और चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ गई है।
कुणाल सारंगी ने सरकार को घेरा मौके पर मौजूद झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि कमरतोड़ महंगाई ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। घरेलू गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग बुरी तरह पिस रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की तकलीफों को नजरअंदाज कर रही है और स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है।
राहत की मांग नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम जल्द कम नहीं किए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया।
ताजातरीन खबरों और पल-पल की अपडेट के लिए हमारी वेबसाइट joharnewstimes.com को फॉलो और सब्सक्राइब जरूर करें।









