नई दिल्ली : WhatsApp ने भारत में अपने नए “Business AI” फीचर की शुरुआत कर दी है। इस फीचर का उद्देश्य छोटे और मध्यम कारोबारियों को AI आधारित ग्राहक सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे वे सीधे WhatsApp Business ऐप के जरिए ग्राहकों से बेहतर तरीके से जुड़ सकें। कंपनी के मुताबिक यह फीचर भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगा और बिना किसी अतिरिक्त सॉफ्टवेयर के 24 घंटे ग्राहक सेवा देने में मदद करेगा।
नए Business AI फीचर के जरिए कारोबारी अक्सर पूछे जाने वाले सवालों के जवाब ऑटोमेटिक तरीके से दे सकेंगे। इसके अलावा ग्राहक प्रोडक्ट की जानकारी, कीमत, ऑफर, डिलीवरी, शिपिंग और अपॉइंटमेंट बुकिंग जैसी सुविधाएं भी WhatsApp चैट के भीतर ही प्राप्त कर सकेंगे। AI सिस्टम बिजनेस की कैटलॉग और कंपनी की जानकारी के आधार पर जवाब देगा। जरूरत पड़ने पर कारोबारी खुद भी चैट को संभाल सकेंगे।
कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि जल्द ही WhatsApp चैट के अंदर सीधे UPI पेमेंट सपोर्ट भी जोड़ा जाएगा। इससे ग्राहक ऐप छोड़े बिना ही भुगतान कर सकेंगे, जिससे छोटे कारोबारियों की बिक्री प्रक्रिया और आसान हो जाएगी।
Meta इंडिया के डायरेक्टर बिजनेस मैसेजिंग रवि गर्ग ने कहा कि छोटे व्यवसाय सीमित संसाधनों के कारण बड़ी संख्या में आने वाले ग्राहक सवालों को संभालने में दिक्कत महसूस करते हैं। खासकर कामकाजी समय के बाद ग्राहक सेवा देना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में Business AI कारोबारियों के लिए मददगार साबित होगा।
कंपनी ने कुछ शुरुआती कारोबारियों के उदाहरण भी साझा किए हैं। “Soil Concept” और “The Purple Sunset” जैसे ब्रांड्स ने दावा किया कि AI सपोर्ट शुरू होने के बाद ग्राहक बातचीत और सेल्स कन्वर्जन में सुधार देखने को मिला है।
WhatsApp के अनुसार आने वाले हफ्तों में यह फीचर भारत के योग्य छोटे और मध्यम कारोबारियों के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा।








