साहिबगंज/राजमहल: जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजमहल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया पटल (बगीचा) में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 13.7 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान फखरुद्दीन शेख उर्फ मिंटू (29) निवासी मुर्गीटोला, राजमहल के रूप में हुई। पूछताछ में फुलवरिया निवासी सलमान शेख की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों ने पूछताछ में नशीले पदार्थों के कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 181/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जानकारी राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता में दी।
छापेमारी दल में अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद युसुफ, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
