सरायकेला: आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, विजिबिलिटी हुई जीरो; दलमा के जंगलों में वन्यजीवों को मिली राहत

मौसम का यू-टर्न: सरायकेला में मूसलाधार बारिश से थमी रफ्तार, गर्मी से मिली राहत।

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला/चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में शुक्रवार की शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच तेज आंधी-तूफान और गरज के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं सामान्य जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। घंटों हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और वाहन थम गए।

बारिश और आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़कों पर विजिबिलिटी (दृश्यता) शून्य के बराबर पहुंच गई। वाहन चालकों को सामने का रास्ता दिखाई न देने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़कों पर कई वाहन चालक किनारे गाड़ियां खड़ी कर मौसम शांत होने का इंतजार करते नजर आए।

भीषण गर्मी के कारण दलमा वन्यजीव अभयारण्य और आसपास के जंगलों में पानी के प्राकृतिक स्रोत सूखने लगे थे। इस मूसलाधार बारिश से न केवल तापमान में गिरावट आई है, बल्कि प्यास से तड़प रहे वन्यजीवों को भी बड़ी राहत मिली है। जंगलों में जलस्तर बढ़ने से पारिस्थितिकी तंत्र को नया जीवन मिला है।

आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने और तार टूटने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। अंधेरा होते ही ग्रामीण इलाकों में सांप और बिच्छू निकलने का डर पैदा हो गया है। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, रात में टॉर्च का उपयोग करने और फर्श पर न सोने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share This Article