भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य विद्यालय, घोड़ानेगी स्थित मतदान केंद्र का अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण किया गया और स्थानीय मतदाताओं को इस विशेष अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
विधायक सविता महतो ने अभियान में लिया हिस्सा
इस अवसर पर ईचागढ़ की स्थानीय विधायक श्रीमती सविता महतो ने कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाग लिया। उनके साथ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), जिला परिषद सदस्य, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चांडिल, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ और बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA1) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को SIR-2026 की प्रक्रिया, निर्धारित फॉर्मों, आवश्यक दस्तावेजों एवं तय समयसीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। विधायक और अधिकारियों ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम का मतदाता सूची में सत्यापन कराएं। साथ ही, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने, जरूरी संशोधन कराने और मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम हटाने में सहयोग करें।
औद्योगिक क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है अभियान
आम नागरिकों के साथ-साथ कामकाजी वर्ग को जागरूक करने के लिए औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश पर जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड (कुरली) में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को SIR-2026 की पूरी प्रक्रिया समझाई गई और उनसे समयबद्ध रूप से अपने मतदाता विवरण का सत्यापन और सुधार सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
हेल्पलाइन नंबर 1950 पर ले सकते हैं मदद
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या शंका के समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या 1950 जारी की गई है। इस नंबर पर प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने आवेदन फॉर्म संबंधित बीएलओ (BLO), बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के पास जमा कराएं।
