हजारीबाग-रामगढ़ मार्ग (NH-33) पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भारतीय वायु सेना के जवान दीपक कुमार साव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मुकुंदगंज के पास हुआ, जहां ‘विजय लक्ष्मी’ नामक यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार साव (पिता शेखर प्रसाद) हैदराबाद में तैनात थे और करीब 15 दिन पहले ही अपनी पत्नी और ढाई महीने की बेटी से मिलने पैतृक गांव डेमोटांड़ आए थे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने साथी नीरज कुमार (पिता कमलदेव साव) के साथ बाइक (JH02X-9285) से हजारीबाग जा रहे थे, तभी बस (MP-44ZF-9211) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने एयर फोर्स मुख्यालय को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को एयर फोर्स की एक टुकड़ी डेमोटांड़ पहुंचकर शहीद जवान को अंतिम सलामी देगी।दीपक की असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।









