गुवा सेल में बाहरी मजदूरों की बहाली का विरोध, स्थानीय युवाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरा संयुक्त मोर्चा

गुवा सेल में बाहरी मजदूरों की बहाली का विरोध, स्थानीय युवाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरा संयुक्त मोर्चा

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल परियोजना में बाहरी लोगों की नियुक्ति के विरोध में मंगलवार को सशक्त संयुक्त मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कथित रूप से बाहरी लोगों का मेडिकल और प्रशिक्षण कराए जाने के खिलाफ ठेका मजदूरों और स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए आंदोलन में मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि गुवा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में योग्य बेरोजगार युवक मौजूद हैं, इसके बावजूद कंपनी स्थानीय युवाओं को नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को नौकरी देने की तैयारी कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं में भारी नाराजगी है।

मोर्चा ने कंपनी प्रबंधन पर स्थानीय नीति की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड सरकार की स्थानीय नियोजन भावना के विपरीत कार्य किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कंपनी के एक स्टाफ सदस्य रूद्रो प्रधान को लेकर भी सवाल उठाए गए। मोर्चा के नेताओं ने दावा किया कि उनकी उम्र सेवानिवृत्ति सीमा से अधिक हो चुकी है, फिर भी उन्हें नौकरी में बनाए रखा गया है। इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।

आंदोलन में झारखंड मजदूर यूनियन, भारतीय मजदूर संघ, सीटू तथा विभिन्न मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान हेमराज सोनार, लालमोहन महतो, मुकेश लाल, समीर पाठक, महेश गोप, राकेश सुंडी, उदय सिंह और कैलाश दास समेत बड़ी संख्या में मजदूर और बेरोजगार युवक मौजूद रहे।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article