रामगढ़ में फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्व्यवस्थापन की तैयारी, सर्वे के लिए बनी पांच सदस्यीय टीम

रामगढ़ में फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्व्यवस्थापन की तैयारी, सर्वे के लिए बनी पांच सदस्यीय टीम

Johar News Times
2 Min Read

अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच एनएच-33 और एनएच-23 किनारे हटाए जा रहे वेंडरों का होगा सर्वे

रामगढ़ : छावनी परिषद रामगढ़ द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्व्यवस्थापन की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। सड़क किनारे हटाए जा रहे फुटपाथ वेंडरों के सर्वे और पुनर्वास की प्रक्रिया के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। यह टीम क्षेत्र का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी।

जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 और राष्ट्रीय राजमार्ग-23 के किनारे चल रही है। गठित टीम क्षेत्रवार सर्वे कर यह तय करेगी कि किन फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से दूसरे स्थान पर बसाया जा सकता है। छावनी परिषद का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और वेंडरों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर फोकस
छावनी परिषद के अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और शहर को अधिक व्यवस्थित करना है। इसके साथ ही फुटपाथ दुकानदारों के लिए भी बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पुनर्व्यवस्थापन की योजना सही तरीके से लागू की गई, तो इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होने के साथ फुटपाथ दुकानदारों को भी राहत मिलेगी।

Share This Article