पीएम मोदी आज करेंगे रोजगार प्रोत्साहन राशि जारी, आज जारी होगी ₹2,400 करोड़ की सहायता

पीएम मोदी आज करेंगे रोजगार प्रोत्साहन राशि जारी, आज जारी होगी ₹2,400 करोड़ की सहायता

Johar News Times
2 Min Read

नई नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी, सरकार देगी ₹15,000 तक का लाभ,

पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं और नए कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले नियोक्ताओं के लिए आज बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 19 जून को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से करीब 15 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

किसे मिलेगा कितना लाभ?

योजना के तहत कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

  • पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को ₹15,000 तक का लाभ मिलेगा।
  • नए कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले नियोक्ताओं को प्रति कर्मचारी प्रति माह ₹3,000 तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

शाम 5 बजे होगा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में योजना की राशि जारी करेंगे। इस दौरान वे कुछ लाभार्थियों और नियोक्ताओं से संवाद भी करेंगे।

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया के अनुसार, यह योजना युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

चार साल तक मिलेगा लाभ

मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना का दायरा बढ़ाकर चार वर्ष तक कर दिया गया है, ताकि उद्योगों को अधिक रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

3.5 करोड़ नौकरियों का लक्ष्य

सरकार ने इस योजना के लिए ₹99,446 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। इसका उद्देश्य अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ नई नौकरियां सृजित करना है।

देशभर में होंगे कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम के साथ देश के 200 औद्योगिक क्लस्टरों में भी समानांतर आयोजन होंगे। इनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल या प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे। यदि आपने हाल ही में पहली नौकरी शुरू की है और योजना की पात्रता पूरी करते हैं, तो अपने बैंक खाते और ईपीएफओ से जुड़े विवरणों की जांच जरूर करें, क्योंकि प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में जमा की जाएगी।

Share This Article