ग्लोबल स्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपने दूसरे वीकेंड पर तो बॉक्स ऑफिस पर शानदार धमाल मचाया, लेकिन दूसरे सोमवार को इसके कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि वर्किंग डेज की मंदी के बावजूद फिल्म टिकट खिड़की पर टिकी हुई है और धीरे-धीरे एक नए आंकड़े की ओर बढ़ रही है।
दूसरे मंडे टेस्ट में फीकी पड़ी ‘पेद्दी’ की रफ्तार
बीते 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘पेद्दी’ को समीक्षकों और दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म ने शुरुआती हफ़्ते में जबरदस्त परफॉर्म करते हुए 193.55 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था। इसके बाद दूसरे हफ्ते के सफर में फिल्म की कमाई सिंगल डिजिट में सिमट गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म ने अपने नौवें दिन 5.15 करोड़, दसवें दिन 8.10 करोड़ और ग्यारहवें दिन 9.20 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे सोमवार यानी रिलीज के 12वें और 13वें दिन के चक्र में फिल्म ने महज 4.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसी के साथ ‘पेद्दी’ का 13 दिनों का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 220.10 करोड़ रुपये हो गया है।
बजट और रिकवरी का गणित: मेकर्स के लिए बढ़ी मुश्किल
मेगास्टार राम चरण की इस फिल्म का कुल बजट लगभग 350 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस लिहाज से फिल्म ने शुरुआती 13 दिनों में अपनी लागत का करीब 62.85 फीसदी हिस्सा वसूल कर लिया है। हालांकि, फिल्म को पूरी तरह से सुरक्षित जोन में आने और अपनी पूरी लागत निकालने के लिए अभी भी 130 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई और करनी होगी।
फिल्म क्रिटिक्स का मानना है कि वीकडेज में कमाई की रफ्तार जिस तरह धीमी हुई है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में 130 करोड़ रुपये का यह बड़ा अंतर पाट पाना ‘पेद्दी’ के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है। अब सिनेमा प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म आने वाले तीसरे वीकेंड में दोबारा रफ्तार पकड़कर अपनी लागत वसूल कर पाएगी या नहीं।
