धनबाद में कुख्यात फरार अपराधी प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उसके करीबी गुर्गे शैफी उर्फ मेजर को एक बार फिर तीन दिनों के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे सामने आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
धनबाद पुलिस को शैफी की गिरफ्तारी के बाद पहले भी तीन दिनों का रिमांड मिला था। शनिवार को कोर्ट से फिर तीन दिनों का रिमांड हासिल किया गया। इस संबंध में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 10 सदस्यीय विशेष टीम लगातार उससे पूछताछ कर रही है।
पूछताछ के दौरान प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इन सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें एक जमीन कारोबारी भी शामिल है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ सफेदपोश और मीडिया से जुड़े लोगों की भी प्रिंस खान से सांठगांठ थी। ये लोग उसके नेटवर्क को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ धमकी भरे वीडियो के प्रचार-प्रसार में भी शामिल थे।









