नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की सहायक प्रोफेसर देबस्मिता पॉल की सनसनीखेज हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान से एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपती प्रोफेसर की बहुमूल्य पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था और इसी मकसद से हत्या की साजिश रची गई।
देबस्मिता पॉल, जो दिल्ली के शिवाजी कॉलेज में अध्यापन कार्य से जुड़ी थीं, पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं। उनकी बहन ने कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी थी। फ्लैट के अंदर प्रोफेसर का शव खून से लथपथ मिला था। जांच में सिर पर गंभीर चोट और कलाई पर कटने के निशान मिले, जबकि घर से नकदी और आभूषण सुरक्षित पाए गए, जिससे लूटपाट की आशंका खारिज हो गई।
किरायेदार दंपती ने रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामप्रसाद दास और बंश्री दास के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल में प्रोफेसर की पुश्तैनी संपत्ति में किरायेदार के तौर पर रह रहे थे। जांच में पता चला कि दंपती उस मकान को खरीदना चाहता था, लेकिन देबस्मिता पॉल इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश बनाई। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने नाबालिग बेटे के साथ कोलकाता से दिल्ली पहुंचे ताकि उन पर किसी को शक न हो। प्रोफेसर उन्हें पहले से जानती थीं, इसलिए उन्हें फ्लैट में प्रवेश करने में कोई परेशानी नहीं हुई। आरोप है कि दंपती अपने साथ लाया गया हथियार इस्तेमाल कर हत्या को अंजाम देने के बाद कपड़े बदलकर उसी कैब से फरार हो गया, जिससे वे फ्लैट तक पहुंचे थे।
सीसीटीवी और कैब रिकॉर्ड से खुला राज
दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कैब यात्रा के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कई राज्यों में छापेमारी के बाद दोनों को पश्चिम बंगाल के बर्धमान से गिरफ्तार किया गया। मामले में नाबालिग बेटे को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार के अन्य सदस्य कोलकाता की संपत्ति बेचने के पक्ष में थे, क्योंकि वे दिल्ली में बस चुके थे। लेकिन देबस्मिता पॉल पुश्तैनी मकान बेचने के खिलाफ थीं। पुलिस को संदेह है कि इसी वजह से दंपती ने करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति पर कब्जा करने के इरादे से हत्या की योजना बनाई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
