झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। पांकी-लावालौंग मुख्य मार्ग पर गढ़गांव पुलिया के समीप 11 हजार वोल्ट के उच्च विद्युत तार की चपेट में आने से चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेडिकल महाविद्यालय एवं अस्पताल भेज दिया गया।
बारात की बस में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि पाटन थाना क्षेत्र के बलगड़ा गांव से लावालौंग के रिमी रामपुर गांव के लिए बारात बस से जा रही थी। बस में जगह कम होने के कारण कुछ बाराती बस की छत पर बैठे हुए थे।
इसी दौरान जब बस पांकी से लावालौंग जाने के क्रम में गढ़गांव पुलिया के पास पहुंची, तब बस की छत पर बैठे युवक ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए।
चार युवक गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में प्रमोद कुमार यादव (24 वर्ष), राजेश यादव (25 वर्ष), रंजन कुमार यादव (27 वर्ष) और विनोद कुमार यादव (24 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायल युवक पाटन थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।











