NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, CBI ने कथित मास्टरमाइंड रॉकी को किया गिरफ्तार

NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, CBI ने कथित मास्टरमाइंड रॉकी को किया गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

नई दिल्ली: NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने राकेश रंजन उर्फ रॉकी को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे रैकेट का कथित मास्टरमाइंड माना जा रहा है। अदालत ने उसे 10 दिनों की CBI हिरासत में भेज दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार रॉकी का संबंध संजीव मुखिया से भी है, जिसे इस पेपर लीक नेटवर्क का अहम खिलाड़ी माना जाता है। संजीव मुखिया पिछले दो दशकों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक मामलों से जुड़ा रहा है और फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

CBI का मानना है कि रॉकी की गिरफ्तारी से NEET पेपर लीक मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं। अब तक एजेंसी एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के हजारीबाग स्थित ओएसिस स्कूल के प्राचार्य और उप-प्राचार्य भी शामिल हैं।

जांच में सामने आया है कि NEET-UG 2024 का प्रश्नपत्र कथित रूप से हजारीबाग के ओएसिस स्कूल से लीक हुआ था, जहां से इसकी प्रतियां बिहार तक पहुंचाई गईं। मामले की जांच CBI के अलावा विभिन्न राज्यों की पुलिस भी कर रही है। एजेंसी अब तक छह एफआईआर दर्ज कर चुकी है, जिनमें बिहार से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में पांच एफआईआर शामिल हैं। गौरतलब है कि NEET-UG देशभर के मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में पेपर लीक मामले ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article