घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन आज एक अलग ही अंदाज में नजर आए। क्षेत्र की जनता से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए विधायक ने आज घाटशिला शहर से लेकर दामपाड़ा क्षेत्र तक ऑटो से भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राह चलते आम लोगों और दुकानदारों से मुलाकात की और क्षेत्र की जनसुविधाओं व समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सीधा संवाद किया।
भ्रमण के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। विधायक सोमेश सोरेन ने सभी शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इन समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक पहल करेंगे।
जनता से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा, “मेरा हमेशा से यह प्रयास रहा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज़ मुझ तक पहुंचे और जनसमस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित हो।” उन्होंने आगे कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका यह जनसंपर्क अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि धरातल पर हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
