झारखंड के लोहरदगा पुलिस लाइन में तैनात हवलदार सुरेंद्र नाथ टुडू का अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। 1993 बैच के अनुभवी पुलिसकर्मी सुरेंद्र नाथ टुडू अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा के लिए जाने जाते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान पुलिस लाइन में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
हवलदार के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गहरा शोक व्यक्त किया। लोहरदगा पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौजूद सभी पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी।

परिजनों को दी गई सहायता राशि
पुलिस अधीक्षक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और विभाग की ओर से अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कागजी प्रक्रियाओं में विभाग परिवार की पूरी मदद करेगा।
पैतृक गांव टुंडी में होगा अंतिम संस्कार
मृतक हवलदार मूल रूप से धनबाद जिले के टुंडी के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। परिवारजन शव को पैतृक गांव ले गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।











